T20 World Cup 2026

शोले के वीरू की तरह टावर पर चढ़ा आशिक, प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा, फिर हुआ बड़े फ्रॉड का खुलासा

भदोही जिले में एक युवक ने फिल्म शोले के वीरू स्टाइल में मोबाइल टावर पर चढ़कर अपनी प्रेमिका को बुलाने की जिद ठान ली. पांच घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का अंत पुलिस की समझदारी से हुआ. जांच में खुलासा हुआ कि युवक पिछले दो साल से इंस्टाग्राम पर नकली अकाउंट से ठगी का शिकार हो रहा था.

web
Kuldeep Sharma

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में रविवार को फिल्मी अंदाज में एक हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला. यहां पान की दुकान चलाने वाला एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से जोर-जोर से अपनी प्रेमिका ‘खुश्बू’ को बुलाने लगा. उसने धमकी दी कि अगर खुश्बू को सामने नहीं लाया गया तो वह टावर से कूद जाएगा.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक युवक का नाम पवन पांडे है और वह लंबे समय से पान की दुकान चलाता है. सुबह करीब 9 बजे वह याकूबपुर इलाके में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया. वहां से उसने चिल्लाकर कहा कि उसकी प्रेमिका खुश्बू को वहीं लाया जाए. यह नजारा बिल्कुल फिल्म शोले के उस सीन की तरह था, जिसमें वीरू पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देता है.

पांच घंटे तक चला ड्रामा

पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लगातार उसे मनाने की कोशिश करने लगी. स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और माहौल तमाशे में बदल गया. युवक बार-बार कहता रहा कि जब तक खुश्बू सामने नहीं आती, वह नीचे नहीं उतरेगा. करीब पांच घंटे तक यह ड्रामा चलता रहा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

पुलिस की चतुराई ने उतारा

जब पुलिस को खुश्बू नाम की कोई लड़की नहीं मिली, तो उन्होंने एक महिला कांस्टेबल को खुश्बू बनकर फोन पर उससे बात करने को कहा. महिला स्टाफ ने बड़े धैर्य से बातचीत की और शादी का भरोसा दिलाया. इसके बाद पवन धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया और भीड़ ने राहत की सांस ली.

ऑनलाइन ठगी का खुलासा

जांच में पुलिस को पता चला कि पवन पिछले दो साल से इंस्टाग्राम पर खुश्बू नाम की एक आईडी से बात कर रहा था. उस अकाउंट से उसकी गहरी दोस्ती हो गई थी और वह उसे अपनी प्रेमिका मान बैठा था. जांच में सामने आया कि वह अकाउंट फर्जी था और किसी ने महिला की तस्वीरों का इस्तेमाल कर पवन को धोखा दिया. आरोप है कि इस दौरान उससे पैसे भी ऐंठे गए. पुलिस ने पवन पर शांति भंग करने का मुकदमा दर्ज किया है और साथ ही ऑनलाइन ठगी की जांच भी शुरू कर दी है.