'ड्रोन जंग में मानवयुक्त विमानों की जगह नहीं लेंगे', एयर चीफ मार्शल ने मस्क के दावे को नकारा

एयर चीफ मार्शल सिंह ने कहा, मानवरहित प्रणालियां होंगी. लेकिन उन मानवरहित प्रणालियों को मानवयुक्त प्रणाली के साथ मिलकर काम करना होगा या उन्हें किसी व्यक्ति द्वारा नियंत्रित किया जाना होगा. इसलिए आने वाले वर्षों में लड़ाकू विमानों की प्रासंगिकता बनी रहेगी.

Social Media
Gyanendra Sharma

Indian Air Force: वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने शुक्रवार को कहा कि मानवयुक्त विमान महत्वपूर्ण बने रहेंगे. उन्होंने यह बात एलन मस्क के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कही जिसमें उन्होंने कहा था कि ड्रोन युद्ध का भविष्य हैं, मानवयुक्त विमान नहीं.

उन्होंने कहा, "इस समय दुनिया में तीन या चार बड़े कार्यक्रम चल रहे हैं, जिन्हें छठी पीढ़ी का विमान कार्यक्रम, एनजीएडी या अन्य विभिन्न नाम दिए जा रहे हैं. अब, ये सभी मानवयुक्त हैं. जैसा कि मैं देख सकता हूं, निकट भविष्य में भी मानव का महत्व कम नहीं होने वाला है."

मानवयुक्त और मानवरहित प्रणालियों के बीच सहयोग

एयर चीफ मार्शल सिंह ने कहा, "मानवरहित प्रणालियां होंगी. लेकिन उन मानवरहित प्रणालियों को मानवयुक्त प्रणाली के साथ मिलकर काम करना होगा या उन्हें किसी व्यक्ति द्वारा नियंत्रित किया जाना होगा. इसलिए आने वाले वर्षों में लड़ाकू विमानों की प्रासंगिकता बनी रहेगी."

उन्होंने कहा, "एलोन मस्क एक व्यवसायी हैं. वह इस बारे में ऐसे ही बात करेंगे क्योंकि वह खुद एक व्यवसाय चलाते हैं. उनकी कारें अब आप देख सकते हैं कि सड़कों पर कितनी हैं. मैं बस एक साधारण कार की बात कर रहा हूं. जहां तक युद्ध लड़ने की बात है, मुझे नहीं लगता कि हम यह कह सकते हैं कि अगली पीढ़ी अपने कार्यकाल के अंत तक केवल मानवरहित वाहन ही देखेगी. ऐसा नहीं होगा. इसलिए मानवयुक्त प्लेटफ़ॉर्म बने रहेंगे.