T20 World Cup 2026

Zubeen Garg Last Post: मौत से एक दिन पहले सिंगर जुबीन गर्ग ने ऐसा क्या कहा था? आखिरी वीडियो देखकर पसीजा फैंस का दिल

संगीत जगत को आज एक ऐसा झटका लगा है, जिसकी कल्पना किसी ने भी नहीं की थी. असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग, जिन्हें 'या अली' गाने से पूरे देश ने जाना, का निधन हो गया. मात्र 52 साल की उम्र में सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान एक हादसे में उनकी जान चली गई. वह वहां 4th नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में हिस्सा लेने गए थे, जहां 20 सितंबर को उनका शाम का शो होना था.

social media
Antima Pal

Zubeen Garg Last Post: संगीत जगत को आज एक ऐसा झटका लगा है, जिसकी कल्पना किसी ने भी नहीं की थी. असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग, जिन्हें 'या अली' गाने से पूरे देश ने जाना, का निधन हो गया. मात्र 52 साल की उम्र में सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान एक हादसे में उनकी जान चली गई. वह वहां 4th नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में हिस्सा लेने गए थे, जहां 20 सितंबर को उनका शाम का शो होना था. लेकिन किस्मत ने कुछ और ही लिखा. सिंगापुर पुलिस ने उन्हें समुद्र से बचाया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन आईसीयू में भर्ती होने के बाद भी डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. यह खबर सुनते ही असम और पूरे नॉर्थ ईस्ट के लाखों फैंस सदमे में हैं.

जुबीन गर्ग का जन्म 1972 में मेघालय के तुरा में हुआ था. असमिया, बंगाली और हिंदी फिल्मों में अपनी मखमली आवाज से उन्होंने लाखों दिल जीत लिए. उन्होंने 40 से ज्यादा भाषाओं में 38,000 से अधिक गाने गाए. 'या अली' तो बस एक मिसाल है, लेकिन असम के लोकगीतों को रॉक और फ्यूजन स्टाइल में पेश करने का उनका अंदाज अनोखा था. वह ढ़ोल, गिटार, तबला जैसे 12 वाद्ययंत्र बजाते थे. न सिर्फ संगीतकार, बल्कि सामाजिक कार्यकर्ता भी थे. बाढ़ राहत, शिक्षा और पर्यावरण के लिए उन्होंने अपनी फाउंडेशन के जरिए बहुत कुछ किया. असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर कहा, 'आज असम ने अपना एक चहेता बेटा खो दिया. जुबीन की आवाज लोगों को ऊर्जा देती थी. वह हमेशा हमारे बीच उनके गानों से जिंदा रहेंगे.'

लेकिन जो बात सबसे ज्यादा दिल दहला रही है, वह है उनकी मौत से ठीक एक दिन पहले का आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट. 16 सितंबर को उन्होंने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उत्साह से भरी आवाज में फेस्टिवल का न्योता दे रहे थे. वीडियो में मुस्कुराते हुए वे कहते हैं, 'सिंगापुर के दोस्तों, मैं आपको 4th नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में आमंत्रित करना चाहता हूं. यह 20 और 21 सितंबर को सन्टेक सिंगापुर में हो रहा है. आइए भारत के इस विदेशी कोने को एक्सप्लोर करें. हम क्वालिटी वाली कृषि उत्पाद, हस्तशिल्प, चाय का अनुभव, नृत्य रूप, फैशन शो और शाम को रॉक बैंड्स व रैपर्स का म्यूजिकल शो लेकर आ रहे हैं. मैं पूरे फेस्टिवल में कल्चरल ब्रांड एंबेसडर के तौर पर रहूंगा और 20 सितंबर की शाम को अपने लोकप्रिय हिंदी, बंगाली व असमिया गानों से सबको मंत्रमुग्ध करूंगा.'

यह पोस्ट देखकर फैंस का दिल पसीज रहा है. सोशल मीडिया पर हजारों कमेंट्स आ रहे हैं- कोई रो रहा है, तो कोई उनके गाने शेयर कर रहा. एक फैन ने लिखा, 'कल ही तो आपका इंतजार कर रहे थे, आज खबर आ गई. भगवान आपको शांति दे.'