Ustaad Bhagat Singh X Review: किसी ने कहा बोरिंग तो किसी ने बताया ब्लॉकबस्टर, उस्ताद भगत सिंह देखने से पहले पढ़ लें लोगों के रिव्यू

पवन कल्याण की फिल्म उस्ताद भगत सिंह रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी है. ट्विटर पर दर्शकों की राय बंटी हुई नजर आ रही है. कुछ लोग इसे पुराना स्टाइल बता रहे हैं तो कुछ फैंस इसे जबरदस्त मास एंटरटेनर कह रहे हैं.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: पवन कल्याण की मोस्टअवेटेड फिल्म उस्ताद भगत सिंह आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. उगादी के खास मौके पर आई इस फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त बज बना हुआ था. रिलीज के कुछ ही घंटों के अंदर ट्विटर पर दर्शकों के रिएक्शन की बाढ़ आ गई और फिल्म को लेकर मिली जुली राय सामने आई है.

फिल्म का डायरेक्श हरीश शंकर ने किया है और इसमें एक्शन और कॉमेडी का मिश्रण देखने को मिलता है. 18 मार्च को विदेशों में प्रीमियर के बाद जब यह भारत में रिलीज हुई, तो सोशल मीडिया पर इसके रिव्यू तेजी से वायरल होने लगे. दर्शकों ने अपने अनुभव को ट्विटर पर शेयर किया, जिसमें कुछ ने फिल्म की तारीफ की तो कुछ ने निराशा जाहिर की.

पुराने जमाने की फिल्म बताकर किया ट्रोल

दर्शकों के एक हिस्से को फिल्म का ट्रीटमेंट और कहानी पसंद नहीं आई. कई लोगों ने इसे पुराने जमाने की कमर्शियल फिल्म बताया. कुछ रिव्यू में कहा गया कि फिल्म में नया कुछ भी नहीं है और यह सिर्फ अलग अलग सीन का जोड़ लगती है. कहानी में बहाव की कमी और कमजोर स्क्रीनप्ले को लेकर भी आलोचना हुई. कुछ दर्शकों ने फिल्म को बोरिंग बताते हुए कम रेटिंग दी और कहा कि यह उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती.

फिल्म के कॉमेडी और मास अपील वाले सीन पर भी लोगों की राय अलग अलग रही. कुछ दर्शकों को कॉमेडी काफी मजेदार लगी और उन्होंने फिल्म के हल्के फुल्के सीन को एंटरटेनिंग बताया. वहीं कुछ लोगों को यह हिस्सा भी खास प्रभाव नहीं डाल पाया. दूसरे हाफ के कुछ सीन जैसे पुलिस स्टेशन वाला हिस्सा कई दर्शकों को काफी पसंद आया.

फैंस ने बताया विंटेज कल्याण की वापसी

पवन कल्याण के कट्टर फैंस इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित नजर आए. उन्होंने इसे एक शानदार कमर्शियल एंटरटेनर बताया और कहा कि इसमें विंटेज कल्याण की झलक देखने को मिलती है. फैंस का मानना है कि फिल्म खास तौर पर सिंगल स्क्रीन और छोटे शहरों में अच्छा प्रदर्शन कर सकती है.

फिल्म में श्रीलीला और राशि खन्ना भी अहम किरदारों में नजर आई हैं. हालांकि कई दर्शकों का कहना है कि उनके किरदारों को ज्यादा मजबूत नहीं बनाया गया. विलेन के रोल में पार्थिबन भी कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए.