मुंबई: एक्ट्रेस, लेखिका और लाइफस्टाइल आइकन ट्विंकल खन्ना अपने तीखे लेकिन ह्यूमर से भरे बयानों के लिए जानी जाती हैं. हाल ही में उनके चैट शो 'टू मच' में उन्होंने एक ऐसा बयान दिया जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी. एपिसोड में ट्विंकल के साथ काजोल, फराह खान और अनन्या पांडे मौजूद थीं. चर्चा के दौरान एक सवाल पूछा गया, 'क्या बड़े लोग अपने अफेयर्स को युवाओं से बेहतर तरीके से छिपाते हैं?' इस पर ट्विंकल ने जवाब दिया, 'बड़े लोग ज्यादा बेहतर होते हैं, उन्हें बहुत अभ्यास होता है.' उनके इस बयान पर जहां दर्शक हंस पड़े, वहीं काजोल ने तुरंत असहमति जताई.
काजोल ने ट्विंकल के इस बयान से पूरी तरह असहमति जताई. उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि युवा लोग अपनी ज़िंदगी और अफेयर्स के बारे में सब कुछ छिपाने में ज़्यादा बेहतर होते हैं.' काजोल का तर्क था कि आज की पीढ़ी सोशल मीडिया और पब्लिक अटेंशन के बीच रहना जानती है और इसलिए वह अपने प्राइवेट रिलेशनशिप्स को संभालने में ज्यादा चतुर हैं.
इस पर अनन्या पांडे ने भी अपनी राय रखी और कहा, 'सोशल मीडिया की वजह से तो सब कुछ वैसे भी सामने आ ही जाता है.' उनके इस जवाब पर शो का माहौल हल्का-फुल्का हो गया, लेकिन ट्विंकल के शब्दों ने इंटरनेट पर आग लगा दी.
यह पहली बार नहीं है जब ट्विंकल खन्ना ने बेवफाई और रिश्तों पर टिप्पणी की हो. पिछले एपिसोड में, जब करण जौहर और जान्हवी कपूर शो में आए थे, तो उनसे यह सवाल पूछा गया था– 'क्या भावनात्मक बेवफाई, शारीरिक बेवफाई से ज्यादा बुरी होती है?'
इस पर ट्विंकल ने कहा था, 'शारीरिक धोखा रात गई बात गई जैसा है.' वहीं करण ने ट्विंकल का समर्थन करते हुए कहा, 'मेरा मानना है कि शारीरिक बेवफाई कोई रिश्ता तोड़ने वाली बात नहीं है.' इस बातचीत के बाद भी ट्विंकल सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल हुई थीं, और अब उनका नया बयान एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है. एपिसोड के दौरान एक और दिलचस्प बयान पर चर्चा हुई, 'आजकल के बच्चे अपने कपड़े बदलने से भी जल्दी अपने पार्टनर बदल लेते हैं.'
इस पर ट्विंकल ने मुस्कुराते हुए सहमति जताई और कहा, 'यह अच्छी बात है क्योंकि हमारे ज़माने में होता था कि लोग क्या कहेंगे, हम ऐसा नहीं कर सकते. अब लोग खुले तौर पर कहते हैं कि अगर रिश्ता काम नहीं कर रहा, तो आगे बढ़ते हैं. यह मानसिक रूप से आज़ादी की निशानी है.'