'तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी' की पहले दिन ही हुई ठंडी शुरुआत, धुरंधर के आगे फुस्स हुई कार्तिक और अनन्या की फिल्म!
क्रिसमस का तोहफा लेकर आई कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे स्टारर रोमांटिक कॉमेडी 'तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी' 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई. फिल्म का ट्रेलर और टीजर रिलीज होने के बाद काफी चर्चा हुई थी. लेकिन पहले ही दिन फिल्म कुछ खास कमाल नहीं कर पाई है.
मुंबई: बॉलीवुड के फैंस के लिए क्रिसमस का तोहफा लेकर आई कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे स्टारर रोमांटिक कॉमेडी 'तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी' 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई. फिल्म का ट्रेलर और टीजर रिलीज होने के बाद काफी चर्चा हुई थी. दोनों स्टार्स की केमिस्ट्री और मजेदार कहानी ने दर्शकों में उत्सुकता जगाई थी. यह फिल्म एक फेस्टिव एंटरटेनर के रूप में पोजिशन की गई थी, लेकिन पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन उम्मीदों से कम रहा.
'तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी' की पहले दिन ही हुई ठंडी शुरुआत
फिल्म की कहानी रे (कार्तिक आर्यन) और रूमी (अनन्या पांडे) के इर्द-गिर्द घूमती है. रे एक बिंदास लड़का है जो पल में जीता है, जबकि रूमी भावुक और परिवार से जुड़ी हुई है. दोनों की मुलाकात क्रोएशिया की ट्रिप पर होती है और वहां से शुरू होती है उनकी लव स्टोरी. फिल्म में ह्यूमर, इमोशंस और फैमिली ड्रामा का अच्छा मिश्रण है. निर्देशक समीर विद्वांस ने इसे हल्का-फुल्का और मनोरंजक बनाने की कोशिश की है. सपोर्टिंग कास्ट में नीना गुप्ता, जैकी श्रॉफ, अरुणा ईरानी और टीकू तलसानिया जैसे दिग्गज कलाकार हैं, जो फिल्म को और मजबूत बनाते हैं. लेकिन रिलीज के पहले दिन फिल्म का प्रदर्शन औसत रहा.
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार 'तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी' ने ओपनिंग डे पर भारत में लगभग 7.25 से 7.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. एडवांस बुकिंग में भी ज्यादा उछाल नहीं आया. क्रिसमस हॉलीडे होने के बावजूद फिल्म को वो शुरुआती धमाका नहीं मिला, जो बड़े रोम-कॉम को मिलता है. एक वजह यह भी है कि फिल्म के गाने चार्टबस्टर नहीं बने, जिससे ऑडियंस का पुल कम हुआ.
'धुरंधर' से मिल रही फिल्म को टक्कर
फिल्म को सबसे बड़ी टक्कर मिल रही है रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर' से. 'धुरंधर' अपनी तीसरे हफ्ते में भी जबरदस्त कमाई कर रही है और 600 करोड़ के क्लब में शामिल हो चुकी है. क्रिसमस पर भी इसने अच्छी ओक्यूपेंसी दिखाई. इसके अलावा हॉलीवुड की 'अवतार: फायर एंड ऐश' भी स्क्रीन्स पर छाई हुई है. इन बड़ी फिल्मों के कारण 'तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी' को कम शोज मिले, खासकर मल्टीप्लेक्स में.
कार्तिक आर्यन की पिछली फिल्मों की तुलना करें तो यह ओपनिंग थोड़ी कमजोर है. उनकी 'भूल भुलैया 2' ने 14 करोड़ से ज्यादा, जबकि 'सत्यप्रेम की कथा' ने 9 करोड़ के करीब ओपनिंग की थी. अनन्या पांडे के लिए भी यह साल मिक्स्ड रहा. फिर भी कार्तिक और अनन्या की जोड़ी को पहले 'पति पत्नी और वो' में पसंद किया गया था, इसलिए फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि वर्ड ऑफ माउथ से फिल्म आगे चलेगी.