menu-icon
India Daily

क्या बंद होने जा रहा है स्मृति ईरानी का शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’?

स्टार प्लस का हिट शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ को लेकर ऑफ एयर होने की खबरों ने दर्शकों में हलचल मचा दी है. इस बीच शो के कलाकार हितेन तेजवानी ने इन अफवाहों पर बड़ा बयान दिया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
क्या बंद होने जा रहा है स्मृति ईरानी का शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’?
Courtesy: Social Media

मुंबई: एकता कपूर के मशहूर डेली सोप ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के बारे में बीते दिनों यह खबर आई कि शो जल्द ही बंद होने वाला है. स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय जैसे अनुभवी कलाकारों के साथ यह पारिवारिक ड्रामा टीवी पर दोबारा लॉन्च हुआ था. पुराने दर्शकों के लिए यह शो एक नॉस्टेल्जिया लेकर आया, वहीं नए दर्शकों ने भी इसे खूब पसंद किया. हालांकि, अब जब शो के ऑफ एयर होने की चर्चा सामने आई, तो फैंस में निराशा की लहर दौड़ गई.

इन अफवाहों पर पहली बार हितेन तेजवानी ने, जो शो में करण का रोल निभा रहे हैं ने अपना रिएक्शन शेयर किया है. उन्होंने इंडिया फ़ोरम्स से बातचीत में कहा, 'मुझे कुछ पता नहीं है कि क्या हो रहा है, क्योंकि मैं शो के लिए नियमित रूप से शूटिंग नहीं कर रहा हूँ. अगर मैं सेट पर ज्यादा वक्त बिताता, तो शायद मुझे ज़्यादा स्पष्टता मिलती. लेकिन मैं सिर्फ कुछ दिनों के लिए शूट कर रहा हूं और फिर अमेरिका लौट जाऊंगा. इसलिए मुझे इस बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं है कि शो बंद हो रहा है या नहीं.' 

कब बंद हो रहा है ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’?

हितेन ने आगे एक अहम खुलासा किया. उन्होंने कहा कि यह शो पहले दिन से ही सीमित समय के लिए तैयार किया गया था.
उनके शब्दों में, 'जब हमें इस प्रोजेक्ट के लिए कॉल आया, तो बताया गया कि यह पहले की तरह एक अनंत सीरीज़ नहीं होगी. इसे सीमित एपिसोड्स में दिखाने की योजना थी. मुझे नहीं पता कि चैनल या प्रोडक्शन हाउस आगे क्या सोच रहा है.'

इस बयान से साफ है कि शो के 'सीमित प्रसारण' की बात कोई नई नहीं है, बल्कि यह शुरुआत से ही तय थी.

परेशान हुए फैंस

‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के फैंस सोशल मीडिया पर लगातार शो को बचाने की अपील कर रहे हैं. ट्विटर (एक्स) पर फैंस ने लिखा, 'इतने साल बाद स्मृति जी को फिर से तुलसी के किरदार में देखना एक सपना जैसा था.' दूसरे यूजर ने लिखा, 'अगर यह शो बंद हुआ तो टीवी इंडस्ट्री एक बार फिर अपने गोल्डन एरा को खो देगी.'

टीआरपी चार्ट में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद शो के ऑफ एयर होने की खबरें दर्शकों के लिए चौंकाने वाली हैं.