एक बार फिर बड़े पर्दे पर गदर काटने आ रही 'शोले', 50 साल बाद अनकट वर्जन से सिनेमाघरों में मचेगा धमाल!
'शोले' सिर्फ फिल्म नहीं, बल्कि कल्चर का हिस्सा है. सलीम-जावेद की स्क्रिप्ट, आर.डी. बर्मन के गाने और अमिताभ-धर्मेंद्र की दोस्ती ने इसे अमर बना दिया. जय (अमिताभ) और वीरू (धर्मेंद्र) की जोड़ी आज भी याद की जाती है. बसंती (हेमा मालिनी), राधा (जया बच्चन) और इमाम साहब (ए.के. हंगल) जैसे किरदार डायलॉग्स से घर-घर मशहूर हैं. 'कितने आदमी थे?' जैसे डायलॉग आज भी ट्रेंड करते हैं.
बॉलीवुड की अमर क्लासिक 'शोले' एक बार फिर बड़े पर्दे पर उतरने वाली है. अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र की इस आइकॉनिक जोड़ी को देखने के लिए फैंस बेताब हैं. 1975 में रिलीज हुई यह फिल्म अब 'शोले: द फाइनल कट' नाम से 4K रिस्टोरेशन के साथ लौट रही है. खास बात ये है कि इसमें ओरिजिनल अनकट क्लाइमेक्स भी होगा, जो 50 साल बाद पहली बार थिएटर्स में दिखेगा.
डायरेक्टर रमेश सिप्पी ने फिल्म के 50वें सालगिरह पर यह सरप्राइज दिया है. सिप्पी फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर अनाउंसमेंट किया: 'शोले: द फाइनल कट' 12 दिसंबर 2025 को रिलीज हो रही है. यह वर्जन पूरे भारत में 1500 स्क्रीन्स पर दिखाई जाएगी. फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन ने इसे 4K में रिस्टोर किया है, जिसमें डॉल्बी 5.1 साउंड भी है. लंदन और मुंबई से मिले पुराने इंटरपॉजिटिव्स और साउंड एलिमेंट्स का इस्तेमाल करके इसे नया जीवन दिया गया.
क्या है खास अनकट क्लाइमेक्स?
ओरिजिनल 'शोले' में सेंसर बोर्ड ने क्लाइमेक्स काट दिया था. फिल्म में ठाकुर (संजीव कुमार) गब्बर (अमजद खान) को क्रूरता से मार डालते हैं. लेकिन सेंसर ने इसे हल्का कर दिया और गब्बर को गिरफ्तार करा दिया. अब 'फाइनल कट' में सिप्पी का असली विजन दिखेगा – खूनी बदला लेते ठाकुर का सीन. इसके अलावा दो डिलीटेड सीन भी जोड़े गए हैं. यह बदलाव फैंस के लिए बड़ा तोहफा है.
'शोले' की अमर विरासत
रिलीज के समय यह साल की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म बनी और सबसे लंबे रन वाली रही. इस साल टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में इसका 4K वर्जन दिखाया गया, जहां विदेशी दर्शकों ने खूब तारीफ की. अब नई जनरेशन इसे बड़े पर्दे पर एक्सपीरियंस कर सकेगी. री-रिलीज से बॉक्स ऑफिस पर भी धमाल मचने की उम्मीद है. पुरानी यादें ताजा होंगी और युवा इसे पहली बार देखेंगे. 'शोले: द फाइनल कट' बॉलीवुड की गोल्डन जंबली का शानदार जश्न होगा.