T20 World Cup 2026

'कबीर सिंह' के बाद शाहिद कपूर की 'ओ रोमियो' को भी मिला 'A' सर्टिफिकेट, जानें सेंसर बोर्ड ने क्यों लिया ये सख्त फैसला?

सीबीएफसी ने 'ओ रोमियो' के निर्माताओं को प्रमाणन मिलने से पहले संवादों में कई बदलाव करने का निर्देश दिया था. 'आइटम' शब्द को 'कुमारी' से बदल दिया गया. एक सीन में एक विशेष शब्द को म्यूट कर दिया गया.

x
Antima Pal

मुंबई: शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फिल्म ओ'रोमियो अब सेंसर बोर्ड से पास हो चुकी है. सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने इस फिल्म को A सर्टिफिकेट दिया है. यह शाहिद कपूर की कबीर सिंह के बाद दूसरी ऐसी फिल्म है, जिसे यह रेटिंग मिली है. विशाल भारद्वाज द्वारा निर्देशित यह फिल्म 13 फरवरी 2026 को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है, जो वैलेंटाइन डे के आसपास है. 

फिल्म के रोमांटिक और इंटीमेट सीन पर नहीं लगा कोई कट

रिपोर्ट्स के मुताबिक सेंसर बोर्ड ने सर्टिफिकेशन से पहले फिल्म में कई बदलाव करवाए हैं. डायलॉग्स में कुछ संशोधन किए गए हैं, जैसे कि 'आइटम' शब्द को 'कुमारी' से बदल दिया गया है. एक सीन में किसी खास शब्द को म्यूट कर दिया गया, जबकि एक और अनुचित शब्द को पूरी तरह हटा दिया गया. खास बात यह है कि फिल्म के रोमांटिक और इंटीमेट सीन पर कोई कट नहीं लगाया गया. इन हिस्सों को पूरी तरह छोड़ दिया गया, यानी कोई विजुअल कट नहीं हुआ. हालांकि हिंसा से जुड़े कुछ सीन में ट्रिमिंग की गई है.

फिल्म में एंटी-टोबैको और एंटी-स्मोकिंग डिस्क्लेमर जोड़ने के निर्देश

उदाहरण के लिए गले काटने वाले क्लोज-अप शॉट को 20% कम किया गया, जो लगभग 3 सेकंड होता है. इसी तरह खून से सिर पर वार वाले एक शॉट और किसी महिला के चेहरे पर खून छलकने वाले एक अन्य शॉट को 2-2 सेकंड कम किया गया. एक महिला को थप्पड़ मारने वाले विजुअल को भी 20% (लगभग 2 सेकंड) छोटा कर दिया गया. सेंसर बोर्ड ने फिल्म में एंटी-टोबैको और एंटी-स्मोकिंग डिस्क्लेमर जोड़ने के निर्देश दिए हैं. इन वार्निंग्स की अवधि और वॉयस-ओवर को बढ़ाया गया है, जिससे फिल्म की कुल लंबाई में 1 मिनट 57 सेकंड का इजाफा हुआ है.


फाइनल रनटाइम अब 178.41 मिनट यानी 2 घंटे 58 मिनट 41 सेकंड

सेंसर सर्टिफिकेट के अनुसार फिल्म की फाइनल रनटाइम अब 178.41 मिनट यानी 2 घंटे 58 मिनट 41 सेकंड है. यह शाहिद कपूर की अब तक की सबसे लंबी फिल्म बन गई है. फिल्म में शाहिद और तृप्ति के अलावा नाना पाटेकर, विक्रांत मैसी, अविनाश तिवारी, फरीदा जलाल, तमन्ना भाटिया और दिशा पाटनी जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. यह एक एक्शन-ड्रामा थ्रिलर है, जो रोमांस और इंटेंसिटी से भरी हुई लगती है. सेंसर के ये बदलाव फिल्म को थिएटर्स में रिलीज के लिए तैयार कर चुके हैं और अब फैंस 13 फरवरी का इंतजार कर रहे हैं.