Raakh Trailer: सोनाली बेंद्रे के बच्चों के लापता होने से मचा हड़कंप, अली फजल की नई थ्रिलर ने बढ़ाई धड़कनें

अली फजल और सोनाली बेंद्रे की राख का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है. सीरीज में एक ऐसे अपराध की कहानी दिखाई गई है जो पूरे समाज को झकझोर देता है.

Social Media
Babli Rautela

ओटीटी की दुनिया में क्राइम और थ्रिलर कंटेंट को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है. इसी बीच अमेजन प्राइम वीडियो की नई इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर 'राख' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. ट्रेलर ने आते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. रहस्य, अपराध, भावनाएं और इंसानी मन के अंधेरे पहलुओं को दिखाने वाली यह सीरीज एक अलग तरह का अनुभव देने का वादा करती नजर आ रही है. सीरीज में अली फजल, सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर अहम किरदार में दिखाई देंगे. इनके अलावा आकाश मखीजा, रमनदीप यादव, दिव्या शर्मा, विवान शर्मा, अंशुल चौहान, राकेश बेदी और दिब्येंदु भट्टाचार्य भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे.


ट्रेलर में दिखी दिल दहला देने वाली कहानी

राख की कहानी 1970 के दशक के आखिर की दिल्ली में सेट की गई है. ट्रेलर की शुरुआत एक भयावह अपराध से होती है, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया है. दो बच्चों के अचानक लापता होने से उनके परिवार की दुनिया बदल जाती है. माता पिता अपने बच्चों की तलाश में हर संभव कोशिश करते हैं और पुलिस से उम्मीद लगाए बैठे हैं. लेकिन यह मामला सामान्य नहीं है. जांच जैसे जैसे आगे बढ़ती है, वैसे वैसे कई चौंकाने वाले राज सामने आने लगते हैं. ट्रेलर में सस्पेंस और तनाव का माहौल शुरुआत से आखिर तक बना रहता है. यही वजह है कि दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है.

अली फजल बने सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश

सीरीज में अली फज़ल सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश के किरदार में नजर आएंगे. उनका किरदार इस मुश्किल केस को सुलझाने की जिम्मेदारी संभालता है. जांच के दौरान जयप्रकाश ऐसे लोगों और परिस्थितियों का सामना करता है जो उसे इंसानी सोच के सबसे अंधेरे पहलुओं तक ले जाती हैं. वह सिर्फ अपराधियों की तलाश नहीं कर रहा होता, बल्कि समाज में छिपी क्रूर सच्चाइयों से भी जूझ रहा होता है. ट्रेलर में अली फजल का गंभीर और दमदार अंदाज दर्शकों को प्रभावित करता है. उनका किरदार कहानी की सबसे मजबूत कड़ी के रूप में सामने आता है.