Pawan Kalyan Fees: तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की फिल्म हरि हर वीरा मल्लू: भाग 1 तलवार बनाम आत्मा आज सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. 17वीं सदी के मुगल काल पर आधारित इस एक्शनएडवेंचर फिल्म में पवन कल्याण एक साहसी डाकू की भूमिका में हैं, जिसे कोहिनूर हीरा चुराने का मिशन मिलता है. रिलीज के साथ ही फिल्म को दर्शकों से मिलेजुले रिएक्शन मिल रहे है, लेकिन पवन कल्याण की फीस को लेकर उनका बयान सुर्खियां बटोर रहा है.
मीडिया में खबरें थीं कि पवन कल्याण ने अपनी पिछली फिल्म ब्रो के लिए 50 करोड़ रुपये लिए थे, लेकिन हरि हर वीरा मल्लू के लिए उन्होंने फीस घटाकर 20 करोड़ रुपये कर दी. एक हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में पवन ने इन खबरों पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा, 'इसके लिए मेरा पारिश्रमिक... (हंसते हुए). मुझे नहीं पता, अगर यह कल हिट हो जाए तो मैं इस पर विचार करूंगा. मेरा विचार है कि फिल्म पहले रिलीज हो और निर्माता की सुरक्षा के लिए अच्छा प्रदर्शन करे.'
पवन ने यह भी स्वीकार किया कि उनकी वजह से मेकर्स को पहले नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा, 'मैं आमतौर पर अपनी फिल्मों का प्रचार नहीं करता, और मुझे लगता है कि मेरी वजह से मेकर्स को नुकसान हुआ है. पहले कोविड19, और फिर राजनीति के कारण मानव निर्मित आपदा आई. अब मैं उन फिल्मों के प्रचार के प्रति एक तरह की जिम्मेदारी महसूस करता हूं जिनकी रिलीज में देरी हुई है.'
यह फिल्म एक भव्य पीरियड ड्रामा है, जिसमें पवन कल्याण वीरा मल्लू के किरदार में मुगल सम्राट औरंगजेब (बॉबी देओल) के खिलाफ विद्रोह करते हैं. निधि अग्रवाल पंचमी नाम की नर्तकी की भूमिका में हैं. फिल्म को ज्योति कृष्ण ने डायरेक्ट किया है, जिन्होंने पहले डायरेक्टर कृष के प्रोजेक्ट से बाहर होने के बाद कमान संभाली. यह एक नियोजित सीरीज की पहली किश्त है, और इसका सीक्वल पहले भाग की सफलता पर निर्भर करेगा.
फिल्म की रिलीज से पहले ही इसके ट्रेलर और गानों ने दर्शकों में उत्साह जगाया था. हालांकि, समीक्षकों ने पहले हाफ की तारीफ की, लेकिन कुछ ने दूसरे हाफ को कमजोर बताया. दर्शकों ने पवन की स्क्रीन प्रेजेंस और भव्य सेट्स की सराहना की है.