वैलेंटाइन डे के दिन शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ ने हिला डाला बॉक्स ऑफिस, दूसरे दिन 45 फ़ीसदी उछाल के साथ छापे कितने करोड़?

शाहिद कपूर और त्रिप्ति डिमरी की फिल्म ओ रोमियो ने वैलेंटाइन डे के मौके पर दूसरे दिन 12.25 करोड़ रुपये की कमाई की है. पहले दिन 8.50 करोड़ से शुरू हुई फिल्म ने करीब 45 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की है.

X
Babli Rautela

मुंबई: वैलेंटाइन डे का असर बॉक्स ऑफिस पर साफ दिखाई दिया है. रोमांस और एक्शन से भरपूर फिल्म ओ रोमियो ने दूसरे दिन जबरदस्त उछाल दर्ज किया है. पहले दिन की मजबूत शुरुआत के बाद शनिवार को फिल्म की कमाई में बड़ा इजाफा हुआ है. फिल्म 13 फरवरी को रिलीज हुई थी. रिलीज के दिन इसने 8.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. दूसरे दिन यह आंकड़ा बढ़कर 12.25 करोड़ रुपये पहुंच गया. इस तरह करीब 45 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई. ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार यह उछाल खासतौर पर वैलेंटाइन वीकेंड का फायदा माना जा रहा है.

शनिवार को फिल्म की कुल हिंदी ऑक्यूपेंसी 23.26 प्रतिशत रही है. सुबह के शो में 10.24 प्रतिशत दर्शक पहुंचे. दोपहर में यह बढ़कर 22.13 प्रतिशत हो गई. शाम के शो में 26.79 प्रतिशत और रात की स्क्रीनिंग में 33.87 प्रतिशत तक पहुंच गई. यह संकेत है कि शाम और रात के शो में दर्शकों की दिलचस्पी ज्यादा रही.

बॉक्स ऑफिस पर ओ रोमियो का कलेक्शन

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का मुकाबला शनाया कपूर और आदर्श गौरव की फिल्म तू या मैं से था. इसके बावजूद ओ रोमियो ने अपनी पकड़ बनाए रखी और ओपनिंग वीकेंड में स्थिर प्रदर्शन दिखाया. फिल्म का निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है. इससे पहले वह शाहिद कपूर के साथ कमीने, हैदर और रंगून जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं. यह दोनों की चौथी फिल्म है.

इस बार कहानी रोमांटिक एक्शन थ्रिलर के अंदाज में पेश की गई है. फिल्म में त्रिप्ति डिमरी अहम किरदार निभा रहा हैं. इसके अलावा नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पटानी, फरीदा जलाल और विक्रांत मैसी जैसे कलाकार भी नजर आते हैं.

किस किताब पर बनीं है शाहिद कपूर की ओ रोमियो

फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने किया है. यह प्रोजेक्ट माफिया क्वींस ऑफ मुंबई नामक किताब से प्रेरित बताया जा रहा है. प्रिंसिपल फोटोग्राफी जनवरी 2025 में शुरू हुई थी और शूटिंग का बड़ा हिस्सा मुंबई और स्पेन में हुआ. हालांकि फिल्म का आधिकारिक बजट घोषित नहीं किया गया है, लेकिन इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के अनुसार इसकी लागत 120 से 150 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है. ऐसे में फिल्म के लिए मजबूत ओपनिंग वीकेंड बेहद अहम है.