मुंबई: मेक्सिको की फातिमा बॉश के मिस यूनिवर्स 2025 जीतने के बाद अब सभी की नजरें अगले एडिशन पर हैं. कहा जा रहा है कि मिस यूनिवर्स 2026 का 75वां ग्रैंड एडिशन प्यूर्टो रिको में आयोजित किया जाएगा. यह प्रतिष्ठित ग्लोबल पेजेंट नवंबर 2026 में सैन जुआन के प्रसिद्ध कोलिजीयम में होगा.
प्यूर्टो रिको इससे पहले भी 2001 और 2002 में मिस यूनिवर्स की मेजबानी कर चुका है, और अब तीसरी बार यह देश दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचने को तैयार है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्यूर्टो रिको की गवर्नर जेनिफर गोंजालेज कोलोन ने बताया कि सरकार इस आयोजन पर लगभग 9 मिलियन डॉलर निवेश करेगी. इस निवेश में से, 4.5 मिलियन डॉलर इस वित्तीय वर्ष में खर्च होंगे बाकी राशि अगले साल उपयोग की जाएगी. गवर्नर ने कहा कि प्यूर्टो रिको इस बार 75वीं सालगिरह के कारण और भी भव्य आयोजन करेगा.
इस देश का मिस यूनिवर्स पेजेंट से खास रिश्ता रहा है. यहां से अब तक पांच विजेता निकल चुकी हैं.
इन उपलब्धियों के चलते प्यूर्टो रिको सौंदर्य पेजेंट्स की दुनिया में एक मजबूत प्रतियोगी माना जाता है.
गवर्नर कोलोन के अनुसार इस बार के आयोजन को 160 से ज्यादा देशों के लगभग 400 मिलियन दर्शक देखेंगे. यह आंकड़ा दुनिया के सबसे बड़े लाइव इवेंट्स में से एक बनाता है. उन्होंने कहा, 'प्यूर्टो रिकन अपनी क्वीन पर विश्वास करते हैं और हमने साबित किया है कि हम इसे और बेहतर कर सकते हैं.'
मिस यूनिवर्स 2026 प्यूर्टो रिको के लिए आर्थिक रूप से भी बड़ा अवसर साबित होगा. अनुमान है कि इस आयोजन से, 45,000 होटल बुकिंग होंगी. लगभग 13.5 मिलियन डॉलर का पर्यटन रेवेन्यू मिलेगा. 700 अस्थायी नौकरियां और 400 इनडायरेक्ट जॉब्स पैदा होंगी. इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को जबरदस्त बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.