अश्लील मैसेज भेजता है ये युवा विधायक, मलयालम एक्ट्रेस रिनी एन जॉर्ज के सनसनीखेज आरोप ने उड़ाए होश!

Rini Ann George: मलयालम एक्ट्रेस रिनी एन जॉर्ज ने चौंकाने वाला आरोप लगाया है कि केरल की एक बड़ी राजनीतिक पार्टी के युवा विधायक ने उन्हें अश्लील संदेश भेजे और पाँच सितारा होटल में बुलाने का प्रस्ताव दिया था. एक्ट्रेस ने नाम उजागर करने से इंकार किया लेकिन कहा – 'कई महिलाएं इसी नेता से परेशान हैं.'

Social Media
Babli Rautela

Rini Ann George: केरल की जानी-मानी मलयालम एक्ट्रेस रिनी एन जॉर्ज ने हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान एक बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने दावा किया है कि राज्य की एक प्रमुख राजनीतिक पार्टी से जुड़े एक युवा विधायक ने उन्हें बार-बार अश्लील संदेश भेजे और पांच सितारा होटल में बुलाने की कोशिश की है. हालांकि, एक्ट्रेस ने उस राजनेता और उसकी पार्टी का नाम उजागर करने से साफ इनकार कर दिया है.

रिनी एन जॉर्ज ने बताया कि वह सोशल मीडिया के जरिए उस नेता के संपर्क में आई थीं. उन्होंने कहा, 'मुझे उस राजनेता से अनुचित संदेश मिले. उसने मुझे अपनी जरूरतों के लिए एक जगह बुलाया. जब मैंने उसे धमकी दी, तो उसने मुझे अपनी बात जारी रखने की चुनौती दी. 'किसे परवाह है', उसका रवैया ऐसा था.' उन्होंने आगे खुलासा किया कि फरवरी 2025 में उन्हें आखिरी बार उस नेता का मैसेज मिला था.

कई महिलाओं ने झेला उत्पीड़न

एक्ट्रेस का कहना है कि वह अकेली नहीं हैं जिन्हें ऐसे संदेश मिले हैं. कई महिलाओं, जिनमें राजनेताओं की बेटियां और पत्नियां भी शामिल हैं, ने भी कथित तौर पर इसी नेता के बर्ताव से परेशान होने की बात कही है. रिनी ने कहा, 'उसने एक बार कहा था, चलो किसी पांच सितारा होटल में कमरा बुक करते हैं, तुम आ जाओ. उस समय मैंने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी. उसके बाद, कुछ समय तक कोई परेशानी नहीं हुई. लेकिन फिर वही बात दोहराई गई.'

पार्टी नेताओं को दी थी जानकारी

रिनी ने यह भी बताया कि उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को इस मामले की जानकारी दी थी, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि उसके बावजूद उस युवा नेता को पार्टी में पद और सम्मान दिया गया. उन्होंने कहा कि महिलाओं की चुप्पी की वजह से ऐसे नेता बच निकलते हैं.

हालांकि एक्ट्रेस ने साफ कहा कि वह औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के पक्ष में नहीं हैं. उनके मुताबिक, 'अगर मैं शिकायत दर्ज कराती हूं, तो मैं खुद को खतरे में डालूंगी. यही एकमात्र नतीजा होगा. मैं देश की महिलाओं से आग्रह करती हूं कि वे सोच-समझकर जनप्रतिनिधि चुनें.'