'धुरंधर 2' स्टार सारा अर्जुन का 9 साल पुराना वीडियो वायरल, जानें किस एक्ट्रेस को बताया अपनी इंस्पिरेशन?
धुरंधर' और 'धुरंधर 2' में अपनी बेहतरीन परफॉर्मेंस से सबका दिल जीतने वाली अभिनेत्री सारा अर्जुन इन दिनों सुर्खियों में हैं. अब उनके बचपन का एक 9 साल पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मुंबई: हाल ही में फिल्म 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' में अपनी बेहतरीन परफॉर्मेंस से सबका दिल जीतने वाली अभिनेत्री सारा अर्जुन इन दिनों सुर्खियों में हैं. अब उनके बचपन का एक 9 साल पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें छोटी सारा आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण को अपना इंस्पिरेशन बताती नजर आ रही हैं.
'धुरंधर 2' स्टार सारा अर्जुन का 9 साल पुराना वीडियो वायरल
वीडियो में जब सारा से पूछा गया कि उनके रोल मॉडल कौन हैं, तो उस समय महज 9 साल की सारा ने बेहद प्यारे और साफ शब्दों में जवाब दिया- 'मुझे आलिया भट्ट के लुक और एक्टिंग का बहुत शौक है. मैं आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण को बहुत प्यार करती हूं. वे मेरी इंस्पिरेशन हैं, लेकिन मेरे रोल मॉडल नहीं हैं. मैं ईमानदारी से कहूं तो मैं सिर्फ सारा अर्जुन बनना चाहती हूं. मैं कभी किसी और जैसी नहीं बनना चाहती.'
यह बात सुनकर लोग उनकी सोच की परिपक्वता पर हैरान हैं. छोटी उम्र में ही सारा में इतनी क्लियरिटी और आत्मविश्वास देखकर फैंस काफी इम्प्रेस हो रहे हैं.
धुरंधर सीरीज में छाई सारा अर्जुन
सारा अर्जुन ने हाल ही में एक्शन थ्रिलर फिल्म धुरंधर 2 में अपनी एक्टिंग से सबको चौंका दिया है. दोनों फिल्मों में उनके परफॉर्मेंस की खूब तारीफ हो रही है. फिल्म रिलीज होने के बाद सारा ने सोशल मीडिया पर फिल्म की पूरी टीम को धन्यवाद देते हुए एक इमोशनल नोट भी शेयर किया था.
उन्होंने डायरेक्टर आदित्य धर की खास तारीफ करते हुए लिखा- 'जब मैं पहली बार आदित्य सर से मिली थी, तो उनकी आंखों में एक अलग ही चमक थी. मुझे तुरंत समझ आ गया था कि वे सिनेमा के लिए कुछ खास करने वाले हैं. इस सफर के हर कदम पर वो बात साबित होती गई.' सारा ने फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू को भी शुक्रिया कहा, जिन्होंने दिन-रात मेहनत की.
फैंस ने यूं लुटाया प्यार
सारा अर्जुन का यह पुराना वीडियो वायरल होने के बाद फैंस उन्हें 'बहुत समझदार और ग्राउंडेड' बता रहे हैं. कई यूजर्स लिख रहे हैं कि इतनी छोटी उम्र में किसी को इंस्पिरेशन मानना लेकिन खुद की यूनिक आइडेंटिटी बनाए रखने की सोच बहुत कम बच्चे अभिनेताओं में दिखती है.