अस्पताल कर्मी ही निकला धर्मेंद्र का ICU से वीडियो लीक करने वाला, पुलिस ने किया गिरफ्तार
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का अस्पताल से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. अब उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है जिसने यह वीडियो चुपके से बनाई थी.
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का हॉस्पिटल से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मुंबई के ब्रिच कैंडी अस्पताल में आईसीयू के अंदर चुपके से वीडियो बनाने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी कोई और नहीं, बल्कि अस्पताल का ही एक कर्मचारी निकला. यह घटना 13 नवंबर को सुर्खियों में आई, जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. धर्मेंद्र को एक दिन पहले ही अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था.
वीडियो में क्या दिखा?
क्लिप में धर्मेंद्र बिस्तर पर बेहोश लेटे नजर आ रहे हैं. उनके पास बेटे सनी देओल और बॉबी देओल खड़े हैं, जो काफी परेशान लग रहे हैं. सनी के बेटे करण देओल और राजवीर देओल भी वहां मौजूद हैं. सबसे दर्दनाक दृश्य धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर का है, जो फूट-फूटकर रो रही हैं. परिवार के सदस्य एक-दूसरे को सांत्वना दे रहे हैं. यह निजी पल किसी ने कैमरे में कैद कर लिया और ऑनलाइन शेयर कर दिया.
कैसे हुआ खुलासा?
धर्मेंद्र के प्रशंसक और परिवार ने वीडियो देखते ही शिकायत दर्ज कराई. मुंबई पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज और अस्पताल रिकॉर्ड की मदद से पता चला कि वीडियो बनाने वाला अस्पताल स्टाफ का सदस्य है. वह आईसीयू में ड्यूटी पर था और मौका पाकर मोबाइल से रिकॉर्डिंग कर ली. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. आरोपी ने कबूल लिया कि उसने पैसे कमाने के लिए वीडियो लीक किया.
देओल परिवार इस घटना से काफी आहत है. सनी देओल और बॉबी देओल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील जगह पर मरीजों की प्राइवेसी का सम्मान होना चाहिए. धर्मेंद्र के फैंस भी गुस्से में हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
पुलिस ने आईटी एक्ट और प्राइवेसी उल्लंघन के तहत केस दर्ज किया है. आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे रिमांड पर लिया गया. अस्पताल प्रशासन ने भी माफी मांगी और कहा कि स्टाफ को सख्त ट्रेनिंग दी जाएगी. अब सभी कर्मचारियों की जांच हो रही है.
धर्मेंद्र की सेहत
बता दें कि 89 साल के धर्मेंद्र को कमजोरी और संक्रमण की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती किया गया था. डॉक्टरों ने कहा कि वे अब ठीक हैं और उनका घर पर ही इलाज चल रहा है.