'ना हम खुश रहेंगे, ना तुझे रहने देंगे.' , इंटरकास्ट मैरिज करने वाले यूट्यूबर का परिवार ने किया टॉर्चर, रो-रोकर सुनाई आपबीती
वीडियो में अनुराग ने बताया कि 14 साल की उम्र में उन्हें ब्रेन ट्यूमर हुआ था. बाद में पढ़ाई का प्रेशर और परिवार की सख्ती ने उन्हें परेशान किया. उन्होंने अपनी पत्नी रितिका से सोशल मीडिया के जरिए मुलाकात की और प्यार में पड़कर इंटर-कास्ट मैरिज की.
मुंबई: यूट्यूबर और बिग बॉस 17 के मशहूर कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल, जिन्हें यूके07 राइडर के नाम से भी जाना जाता है, ने अपने फैंस को चौंका दिया है. बुधवार को उन्होंने यूट्यूब पर एक लंबा वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी की दुखभरी कहानी शेयर की. इस वीडियो में अनुराग बेहद परेशान और टूटे हुए नजर आए.
डिप्रेशन से जूझ रहे यूट्यूबर अनुराग डोभाल
उन्होंने दावा किया कि परिवार ने उन्हें मेंटल टॉर्चर किया, जिससे वे गहरे डिप्रेशन में चले गए हैं. अनुराग ने इस वीडियो को अपना 'आखिरी व्लॉग' बताया और कहा कि शायद इसके बाद वे गायब हो जाएं. वीडियो में अनुराग ने बताया कि 14 साल की उम्र में उन्हें ब्रेन ट्यूमर हुआ था. बाद में पढ़ाई का प्रेशर और परिवार की सख्ती ने उन्हें परेशान किया. उन्होंने अपनी पत्नी रितिका से सोशल मीडिया के जरिए मुलाकात की और प्यार में पड़कर इंटर-कास्ट मैरिज की. लेकिन उनके माता-पिता इस शादी से नाखुश थे. शादी से कुछ दिन पहले ही पैरेंट्स ने कहा कि वे शादी में नहीं आएंगे. अनुराग अकेले ही सब मैनेज करते रहे.
अनुराग ने भावुक होकर कहा- 'मुझसे हाथ जोड़वाए गए, पैर पड़वाए गए. सारे रिश्तेदारों के सामने सॉरी बोलवाया गया. पापा और मम्मी ने इतना टॉर्चर किया कि बोला - ना हम खुश रहेंगे, ना तुझे खुश रहने देंगे.' उन्होंने आरोप लगाया कि इंटर-कास्ट मैरिज की वजह से परिवार ने उन्हें मानसिक रूप से बहुत परेशान किया. इस दबाव में अनुराग ने सुसाइड की कोशिश भी की.
'वीडियो के बाद शायद मैं गायब हो जाऊंगा'
वीडियो में अनुराग ने आगे कहा कि 'उनकी पत्नी रितिका ने भी उन्हें छोड़ दिया है. मेरी मौत के जिम्मेदार मम्मी, पापा, कलाम (भाई) और श्रेया हैं. मेरे पास अब कुछ बचा नहीं है. मैं बहुत डिप्रेशन में हूं. समझ नहीं आ रहा कि ये फीलिंग कैसे खत्म करूं. इस वीडियो के बाद शायद मैं गायब हो जाऊंगा. मैं बस सोना चाहता हूं. 5 दिन से कुछ खाया नहीं है, दिमाग पूरी तरह खत्म हो गया है.'
पिछले साल से झेल रहे हैं मेंटल हैरेसमेंट
अनुराग ने बताया कि पिछले साल से वे मेंटल हैरेसमेंट झेल रहे हैं. परिवार, फाइनेंशियल प्रॉब्लम्स और रिलेशनशिप में दिक्कतों ने उन्हें तोड़ दिया. वे 7-8 महीने से यूट्यूब पर एक्टिव नहीं थे, लेकिन अब यह वीडियो पोस्ट करके उन्होंने अपनी सारी बातें खोल दीं.फैंस और सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर काफी रिएक्शन आ रहे हैं.