मुंबई: कभी कभी फिल्में धीरे शुरू होती हैं, लेकिन फिर अचानक ऐसी रफ्तार पकड़ती हैं कि हर कोई हैरान रह जाता है. कुछ ऐसा ही हुआ है हालिया रिलीज फिल्म भूत बंगला के साथ हुआ है. शुरुआत में ठीक ठाक प्रदर्शन करने वाली यह फिल्म अब बॉक्स ऑफिस पर जोरदार कमाई कर रही है. दूसरे वीकेंड में आई तेजी ने साफ कर दिया है कि दर्शकों को यह फिल्म खूब पसंद आ रही है. खासकर रविवार का कलेक्शन देखकर इंडस्ट्री में एक बार फिर अक्षय कुमार का जलवा चर्चा में आ गया है.
सैकनिल्क के अनुसार, भूत बंगला ने अपने 10वें दिन यानी रविवार को करीब 12.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. शनिवार को फिल्म ने 10.75 करोड़ रुपये कमाए थे, यानी साफ है कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई में अच्छी बढ़त देखने को मिली. पहले हफ्ते के आखिर तक फिल्म 84.4 करोड़ रुपये कमा चुकी थी. अब कुल मिलाकर भारत में इसका नेट कलेक्शन 113.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 134.98 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.
सिर्फ भारत ही नहीं, भूल बंगला विदेशों में भी शानदार प्रदर्शन कर रही है. फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में भी 130 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. इससे साफ है कि फिल्म की कहानी और कॉमेडी का जादू सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर के दर्शकों पर भी चल रहा है.
इस फिल्म को प्रियदर्शन ने डायरेक्ट किया है, जो कॉमेडी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. फिल्म को अक्षय कुमार, एकता कपूर और शोभा कपूर ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. फिल्म में अक्षय के साथ परेश रावल, तब्बू, राजपाल यादव, जीशु सेनगुप्ता और वामिका गब्बी जैसे दमदार कलाकार नजर आ रहे हैं. इतनी मजबूत स्टार कास्ट फिल्म की सफलता में बड़ा रोल निभा रही है.
इस फिल्म से एक खास भावनात्मक जुड़ाव भी देखने को मिल रहा है. दिग्गज एक्टर असरानी इस फिल्म में नजर आए हैं और यह उनकी निधन के बाद रिलीज हुई फिल्मों में से एक है. अक्षय कुमार ने उन्हें याद करते हुए भावुक पोस्ट भी साझा किया था. उन्होंने कहा कि असरानी जी के साथ काम करना हर बार एक सीखने जैसा अनुभव होता था. फिल्म उनके लिए सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं बल्कि एक श्रद्धांजलि भी बन गई है.
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी पहले भी कई हिट फिल्में दे चुकी है. इनमें हेरा फेरी, गरम मसाला, भागम भाग और भूल भुलैया जैसी फिल्में शामिल हैं. अब एक बार फिर यह जोड़ी दर्शकों का मनोरंजन करने में सफल होती नजर आ रही है.