शाहरुख खान के बाद अक्षय खन्ना ने अपने नाम किया ये बड़ा रिकॉर्ड, प्रभास, अल्लू अर्जुन और रणबीर कपूर को भी छोड़ा पीछे

अक्षय खन्ना के सितारे साल 2025 में काफी बुलंदी पर रहे इस बात से कोई इंकार नहीं कर सकता है. इसी के चलते एक्टर ने अपने नाम बड़ा रिकॉर्ड हासिल कर लिया है.

X
Antima Pal

मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अक्षय खन्ना ने साल 2025 को अपना नाम कर दिया है. तीन दशकों के करियर में पहली बार उन्होंने ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो अब तक सिर्फ शाहरुख खान जैसे सुपरस्टार्स ही छू सके थे. उनकी दो फिल्मों- 'छावा' और 'धुरंधर'- ने मिलकर विश्वभर में 2000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. इससे वे शाहरुख खान के बाद दूसरे भारतीय अभिनेता बन गए हैं, जिन्होंने एक कैलेंडर साल में यह कारनामा किया.

शाहरुख खान के बाद अक्षय खन्ना ने नाम किया बड़ा रिकॉर्ड

साल की शुरुआत में जनवरी में रिलीज हुई 'छावा' ने तहलका मचा दिया. लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस ऐतिहासिक फिल्म में विक्की कौशल मुख्य भूमिका में थे, जबकि अक्षय खन्ना ने मुगल बादशाह औरंगजेब का किरदार निभाया. उनकी दमदार एक्टिंग की हर तरफ तारीफ हुई. फिल्म ने दुनिया भर में करीब 809 करोड़ रुपये की कमाई की और साल की सबसे बड़ी हिट साबित हुई. लंबे समय तक यह साल की नंबर-1 फिल्म बनी रही.

सबसे ज्यादा अक्षय खन्ना को मिली वाहवाही

फिर दिसंबर में आई 'धुरंधर', जो आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर है. इसमें रणवीर सिंह लीड रोल में हैं, साथ में संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे सितारे. लेकिन सबसे ज्यादा वाहवाही अक्षय खन्ना को मिली, जिन्होंने गैंगस्टर रहमान डकैत का रोल प्ले किया. उनकी परफॉर्मेंस इतनी शानदार थी कि दर्शक उन्हें ही असली हीरो मान रहे हैं. 

प्रभास, अल्लू अर्जुन और रणबीर कपूर को भी छोड़ा पीछे 

फिल्म ने जबरदस्त वर्ड ऑफ माउथ से कमाई की और अब तक 1167 करोड़ रुपये पार कर चुकी है. शनिवार तक यह और 25 करोड़ जोड़ने वाली है. इस तरह दोनों फिल्मों की कुल कमाई 2001 करोड़ रुपये हो गई. अक्षय खन्ना ने प्रभास, अल्लू अर्जुन, रणबीर कपूर जैसे बड़े स्टार्स को पीछे छोड़ दिया. पहले यह रिकॉर्ड सिर्फ शाहरुख खान के पास था, जिन्होंने 2023 में 'पठान', 'जवान' और 'डंकी' से 2685 करोड़ कमाए थे.

2025 सच में अक्षय खन्ना का साल रहा

अक्षय खन्ना हमेशा से अपनी एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस साल उन्होंने साबित कर दिया कि सपोर्टिंग रोल में भी वे बॉक्स ऑफिस के किंग बन सकते हैं. दोनों फिल्मों में वे विलेन थे, फिर भी दर्शकों का दिल जीत लिया. क्रिटिक्स ने उनकी तारीफों के पुल बांधे और सोशल मीडिया पर उनके सीन वायरल हो रहे हैं. 2025 सच में अक्षय खन्ना का साल रहा. उनकी मेहनत और टैलेंट ने उन्हें नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया.