'सरस्वती की भक्ति से मिलेगी लक्ष्मी', करियर में पहली बार ऐसा कर रहे हैं 'मिस्टर परफेक्शन्सिट', कहा- कुछ अलग करना चाहता हूं

आमिर खान ने अपने करियर की पारंपरिक कार्यशैली बदलने का फैसला किया है. अब वे एक समय में कई फिल्मों पर काम करने की तैयारी में हैं. हालिया बातचीत में उन्होंने अपने प्रोजेक्ट्स, सोच और फिल्म निर्माण के नजरिए को खुलकर साझा किया.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: बॉलीवुड के सुपरस्टार आमिर खान फिल्मों में अपने रोल में ढलने के लिए परफेक्शन की हदें पार करने के लिए जाने जाते हैं और यही कारण है कि उन्हें मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहा जाता है. अपने किरदार में ढलने के लिए वो समय लेते हैं और यही कारण है कि अपने अब तक के फ़िल्मी करियर में उन्होंने एक वक्त पर एक ही फिल्म में काम करने की शैली अपना रखी है, लेकिन उम्र के इस पड़ाव पर वो इस शैली में बदलाव करने जा रहे हैं और ये पहली बार है जब वो एक समय पर तीन अलग-अलग प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं. काम की अपनी इन अलग शैली को लेकर उन्होंने खुल कर बात की है

आमिर खान ने बताया कि वह अब एक साथ कई फिल्मों पर काम करने की योजना बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि अपने पूरे करियर में उन्होंने शायद ही कभी दो फिल्मों को साथ में किया हो. लेकिन अब वह इस पुराने तरीके को बदलना चाहते हैं. उनके अनुसार, यह बदलाव उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल करियर का नया चरण है, जहां वे अधिक सक्रिय होकर अलग-अलग कहानियों पर काम करना चाहते हैं.

'सिनेमा केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि साधना भी है'

आमिर खान ने कहा कि सिनेमा केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि एक साधना है. उनके अनुसार, फिल्म बनाते समय रचनात्मकता और कला को सर्वोपरि रखना चाहिए, न कि मुनाफे को. वे कहते हैं कि जब कोई व्यक्ति सिनेमा के क्षेत्र में काम करता है, तो उसे ज्ञान और सृजन की देवी सरस्वती का स्मरण करना चाहिए, न कि केवल धन की देवी लक्ष्मी का. आमिर का विश्वास है कि यदि कोई कलाकार अपने काम को पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ करता है, तो सफलता और धन अपने आप उसके पास आ जाते हैं.

नई फिल्मों की तैयारी

आमिर ने खुलासा किया कि वह सितंबर से अपनी नई फिल्मों की शूटिंग शुरू करेंगे. उनकी योजना है कि एक फिल्म पूरी करने के बाद एक या दो महीने का ब्रेक लें और फिर दूसरी फिल्म शुरू करें. इस तरह वह लगातार तीन फिल्मों पर काम करने का इरादा रखते हैं. उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन में पहली बार होगा जब वे इतने संगठित तरीके से कई प्रोजेक्ट्स संभालेंगे.

प्रोडक्शन और एक्टिंग पर फोकस

उन्होंने बताया कि उनकी प्रोडक्शन फिल्में ‘एक दिन’ और ‘लाहौर 1947’ पूरी होने के बाद वह अभिनय पर ज्यादा ध्यान देंगे. आमिर ने ‘एक दिन’ के बारे में भी बात की, जो एक कोरियन फिल्म का रीमेक है. उन्होंने कहा कि इस कहानी ने उन्हें काफी प्रभावित किया, इसलिए उन्होंने इसे बनाने का निर्णय लिया. साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आगे और दिलचस्प प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है.

सीक्वल और नई चर्चाएं

आमिर खान ने ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल की पुष्टि भी की है. उन्होंने बताया कि इसकी कहानी पहली फिल्म से करीब दस साल आगे की होगी और फिलहाल इसकी स्क्रिप्ट पर काम जारी है. इसके अलावा, उनके दूसरे प्रोजेक्ट्स को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी हैं, जिनमें एक संभावित बायोपिक शामिल है. हालांकि इन खबरों पर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.