पश्चिम बंगाल में 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं शुरू; पहले दिन 7 लाख से अधिक छात्र एग्जाम में हुए शामिल

पश्चिम बंगाल में 12वीं बोर्ड की परीक्षाओं की शुरुआत हो गई है. रिपोर्ट्स की मानें तो सात लाख से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल हुए हैं.

Pinterest
Reepu Kumari

पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (WBCHSE) ने  (13 फरवरी) से कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2026 शुरू कर दी है. राज्य भर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर तीन स्ट्रीमों की परीक्षा में 71 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए. पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित ये परीक्षाएं 27 फरवरी तक चलेंगी. इस साल, WBCHSEउच्च माध्यमिक (हाई स्कूल कक्षा 12वीं) परीक्षा के पहले दिन कुल 7,10,811 उम्मीदवार उपस्थित हुए.

छात्रों का आंकड़ा

7 लाख उम्मीदवारों में से 6,35,864 चौथे सेमेस्टर की परीक्षा दे रहे हैं, 59,452 तीसरे सेमेस्टर की पूरक परीक्षा दे रहे हैं, जबकि 15,495 ने पुरानी पाठ्यक्रम प्रणाली को चुना है. तीनों श्रेणियों में कुल मिलाकर 3,95,079 लड़कियां इस वर्ष परीक्षा दे रही हैं, जो लड़कों से 79,347 अधिक हैं.

परीक्षाएं कब से कब तक

चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जा रही हैं, जबकि तीसरे सेमेस्टर की पूरक परीक्षाएं दोपहर 1 बजे से 2:15 बजे तक आयोजित की जा रही हैं. पुराने पाठ्यक्रम प्रणाली के तहत परीक्षा देने वाले उम्मीदवार सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक अपनी परीक्षाएं दे रहे हैं.

7,000 पर्यवेक्षकों की व्यवस्था

पहली बार, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों से लगभग 7,000 पर्यवेक्षकों की व्यवस्था की गई है, क्योंकि उच्च माध्यमिक विद्यालयों के कई शिक्षक अभी भी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरावलोकन (एसआईआर) अभ्यास में व्यस्त हैं. यह जानकारी परिषद अध्यक्ष चिरंजीब भट्टाचार्य ने सोमवार को यहां एक प्रेस मीट में दी. राज्य भर में तृतीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए लगभग 2,100 केंद्र (उच्च माध्यमिक विद्यालय) उपयोग में लाए जा रहे हैं.

सख्त सुरक्षा व्यवस्था

इस वर्ष, कड़ी निगरानी उपायों के तहत, सभी प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और 100 से अधिक स्थानों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है ताकि उन्हें अतिरिक्त निगरानी में रखा जा सके.

रिजल्ट

नई सेमेस्टर प्रणाली पहली बार पिछले वर्ष (2025) लागू की गई थी और तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाओं के परिणाम 31 अक्टूबर को घोषित किए गए थे. इन परीक्षाओं में पुरुलिया के दो हाई स्कूल छात्रों - प्रीतम बल्लव और आदित्य नारायण जाना - ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है. इन दोनों ने 98.97 प्रतिशत अंक प्राप्त करके परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया है.

इसके अलावा, शीर्ष 10 रैंकों में 69 छात्र शामिल हुए; इनमें से तीन छात्राएं थीं. परिणाम आधिकारिक वेबसाइटों - wbchse.wb.gov.in और wbresults.nic.in पर उपलब्ध कराए गए थे.