नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 26 अप्रैल को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) के कैंडिडेट के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने सभी कैंडिडेट को हॉल टिकट पर दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है. NEET के सभी कैंडिडेट को परीक्षा के दिन दिए गए महत्वपूर्ण गाइडलाइंस का पालन करना चाहिए ताकि किसी भी स्तर पर अयोग्य घोषित न किया जाए.
आधिकारिक वेबसाइट
कैंडिडेट आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in से अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं. NEET UG एडमिट कार्ड में आवेदकों को आवंटित परीक्षा केंद्र की जानकारी भी दी जाएगी. हॉल टिकट के बिना किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा हॉल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.
परीक्षा के लिए गाइडलाइंस
- परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू होगा.
- ऑफिशियल नोटिफिकेशन के अनुसार, दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
- परीक्षा पुस्तिकाएं निरीक्षक द्वारा दोपहर 1:45 बजे वितरित की जाएंगी.
- जिस उम्मीदवार के पास वैध प्रवेश पत्र नहीं होगा, उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
- उम्मीदवारों को कोई भी प्रतिबंधित वस्तु या ऐसी कोई भी वस्तु लाने की अनुमति नहीं है जिसका उपयोग अनुचित गतिविधियों के लिए किया जा सके.
- परीक्षा केंद्र और उसके आसपास धूम्रपान करना सख्त वर्जित है.
- परीक्षा केंद्र के अंदर पानी की बोतलें, चाय, कॉफी, कोल्ड ड्रिंक्स या स्नैक्स ले जाने की अनुमति नहीं है.
क्या पहनें और क्या नहीं?
- अगर आप भी NEET UG की परीक्षा में शामिल होने वाले हैं तो ड्रेस कोड का भी ध्यान रखें.
- ज्यादा डार्क रंग के तड़कता भड़कता ड्रेस ना पहनें. हल्के रंग के कपड़े पहन सकते हैं.
- गर्मी है लेकिन फिर बी हाफ स्लीव की टी-शर्ट या शर्ट पहनेंगे तो ज्यादा बेहतर रहेगा.
- ऐसे कपड़े जिनमें बहुत सारी पॉकेट, बटन या जिप हैं उन्हें पहनने से बचें.
जूते या चप्पल?
ये मत सोचिए कि सेंटर पर केवल कपड़ों को ही देखा जाएगा. यहां आपको सिर से लेकर पैर तक स्कैन किया जाएगा. अक्सर कैंडिडेट सोचते हैं कि जूता या चप्पल क्या पहनना सही होगा. अगर परीक्षा केंद्र पर किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं चाहते हैं तो आपको चप्पल ही पहनना होगा.
ऊंची हील्स वाली सैंडल पूरी तरह बैन हैं.
अंगूठी भी खोलकर जाएं
कई लोग जल्दी-जल्दी में रिंग निकालना भूल जाते हैं सोचते हैं ये छोटी सी चीज है इससे क्या ही परेशानी हो सकती है. नियमों के अनुसार सेंटर पर किसी भी तरह की धातु ले जाने पर मनाही है. फैशन के लिए झुमके, गले का हार, अंगूठी, कंगन या नोज पिन जैसी चीजों से बचें. कड़ा या चेन पहनकर आना भी मना है. बालों में क्लचर या बड़े रबर बैंड भी लगाना मना है,
साथ ले जाने वाले दस्तावेज
- परीक्षा के दिन उम्मीदवारों को निम्नलिखित दस्तावेज लाने होंगे:
- एनटीए वेबसाइट से डाउनलोड किए गए एडमिट कार्ड की एक प्रिंटेड कॉपी
- पासपोर्ट आकार की दो तस्वीरें (परीक्षा फॉर्म पर अपलोड की गई तस्वीरों के समान)
- एक वैध सरकारी पहचान पत्र
- अगर आप दिव्यांगजन वर्ग के अंतर्गत छूट का दावा कर रहे हैं, तो लिखने में शारीरिक अक्षमता का प्रमाण पत्र या दिव्यांगजन वर्ग का प्रमाण पत्र आवश्यक है.
NEET UG 2026 के उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि परीक्षा के दौरान वे सीसीटीवी निगरानी में रहेंगे.