'वन डिश' रेस्टोरेंट्स पर मचा बवाल तो Zomato ने दी सफाई, कहा- 'हम शराब, सिगरेट, वेप्स की ब्रिकी रोकते हैं'
दावा किया जा रहा था कि जोमैटो पर ऊंचे दामों पर "Naughty Strawberry" और "Merry Berry" के नाम से यह डिश बेची जा रही है. इस डिश में क्या है उसके आइटम को भी गुप्त रखा गया है और जो भी रेस्टोरेंट इन आइटम को बेच रहे हैं उनके मेन्यू में केवल एक ही आइटम है जिससे इस बात का संदेह हो रहा है कि वे कोई नशीला पदार्थ बेच रहे हैं.
Zomato News: सोशल मीडिया ऐप पर इस तरह के दावे किए जा रहे थे कि चंडीगढ़ के कुछ रेस्टोरेंट 'वन डिश रेस्टोरेंट' जोमैटो पर केवल एक डिश बेच रहे हैं और इस डिश के दाम इतने ज्यादा है कि उन्हें ऐसा लगता है कि डिश के नाम पर कोई मादक पदार्थ जैसे ड्रग्स बेचा जा रहा है.
यह भी दावा किया जा रहा था कि जोमैटो पर ऊंचे दामों पर "Naughty Strawberry" और "Merry Berry" के नाम से यह डिश बेची जा रही है. इस डिश में क्या है उसके आइटम को भी गुप्त रखा गया है और जो भी रेस्टोरेंट इन आइटम को बेच रहे हैं उनके मेन्यू में केवल एक ही आइटम है जिससे इस बात का संदेह हो रहा है कि वे कोई नशीला पदार्थ बेच रहे हैं.
फूड डिलेवरी ऐप जोमैटो ने इन दावों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. जोमैटो के एक प्रवक्ता ने कहा कि हमने सोशल मीडिया पर इन दावों का संज्ञान लिया और इस तरह के संदिग्ध रेस्टोरेंट को चिह्नित कर उन्हें अपनी ऐप से हटा दिया.
जोमैटो ने कहा, 'हमने ऐसे सभी रेस्तरां की पहचान की है जो संभावित रूप से धोखाधड़ी कर रहे थे और उन्हें हमारे मंच से हटा दिया है. इस समस्या को और अधिक व्यापक रूप से हल करने के लिए, हमने उन सभी अन्य रेस्तरां की भी जांच की है, जिनके ज़ोमैटो पर बहुत सीमित मेनू हैं और जिनमें प्रतिबंधित वस्तुओं को सूचीबद्ध किया जा सकता है या प्रतिबंधित वस्तुओं को सूचीबद्ध करने का तरीका निकाला जा सकता है.'
FSSAI का लाइसेंस जरूरी
जोमैटो ने कहा कि हमारी ऐप पर लिस्ट होने के लिए रेस्टोरेंट के पास FSSAI लाइसेंस की आवश्यक्ता होती है. हम शराब, सिगरेट, वेप्स जैसी वस्तुओं को अपने प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होने से सक्रिय रूप से रोकते हैं.
हालांकि जोमैटो ने माना कि इस तरह के संदिग्ध रेस्टोरेंट नॉटी स्ट्रॉबेरी और मेरी बेरी जैसे नामों से संदिग्ध खाद्य वस्तुओं को बेचकर हमें धोखा देने की कोशिश कर रहे थे. भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए हमने अपनी सिक्योरिटी मजबूत की है.