रुपया शुरुआती कारोबार में 18 पैसे की बढ़त के साथ 86.26 प्रति डॉलर पर
सकारात्मक घरेलू शेयर बाजार और अमेरिकी मुद्रा सूचकांक में नरमी के बीच रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 18 पैसे की बढ़त के साथ 86.26 प्रति डॉलर पर पहुंच गया.
मुंबई, 24 जनवरी (भाषा) सकारात्मक घरेलू शेयर बाजार और अमेरिकी मुद्रा सूचकांक में नरमी के बीच रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 18 पैसे की बढ़त के साथ 86.26 प्रति डॉलर पर पहुंच गया.
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और सकारात्मक घरेलू बाजारों ने स्थानीय मुद्रा को समर्थन दिया, जबकि विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने स्थानीय मुद्रा पर दबाव डाला.
आगामी केंद्रीय बजट रुपये को देगा नई दिशा:
उन्होंने बताया कि आगामी केंद्रीय बजट, बाजार की धारणा और रुपये की दिशा को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 86.31 प्रति डॉलर पर खुला और फिर 86.26 प्रति डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 18 पैसे की बढ़त दर्शाता है. स्थानीय मुद्रा शुरुआती सौदों में 86.33 प्रति डॉलर पर भी पहुंच गई थी.
रुपये पर नौ पैसे की गिरावट:
रुपया बृहस्पतिवार को नौ पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.44 पर बंद हुआ. इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 107.88 पर रहा.
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78.12 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 5,462.52 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.
(इस खबर को इंडिया डेली लाइव की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है)
और पढ़ें
- Petrol Diesel Rate Today: गाड़ी शुरू करने से पहले दिमाग को बता दें पेट्रोल-डीजल का दाम, जारी हो गई ताजा लिस्ट
- Gold-Silver Price Today: सोने और चांदी के दाम में आई बड़ी गिरावट, जानिए 24 जनवरी 2025 के ताजे रेट
- कार खरीदने का है प्लान, 1 फरवरी से 32500 रुपए महंगी हो जाएंगी इस कंपनी की सभी कारें, जानें क्यों?