मुंबई: भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) ने ताजा तिमाही नतीजों में मजबूत प्रदर्शन कर बाजार को चौंका दिया है. कंपनी का मुनाफा उम्मीद से कहीं अधिक रहा और सालाना आधार पर दोगुने से ज्यादा बढ़ गया है. हालांकि रेवेन्यू अनुमान से थोड़ा कम रहा, लेकिन इसमें भी अच्छी बढ़त देखने को मिली है. बेहतर ऑपरेशनल परफॉर्मेंस और मार्जिन में सुधार ने कंपनी की फायनेंशियल स्थिति को और मजबूत किया है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.
सरकारी इंजीनियरिंग कंपनी Bharat Heavy Electricals Limited (BHEL) ने इस तिमाही में 1,283 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है. यह आंकड़ा पिछले साल की इसी तिमाही के 504 करोड़ रुपये से दोगुने से भी अधिक है. तेजी से हुई इस बढ़ोत्तरी ने साफ कर दिया है कि कंपनी ने अपने ऑपरेशन और कोस्ट मैनेजमेंट में सुधार किया है. बाजार के अनुमान से बेहतर मुनाफा आने से निवेशकों का भरोसा और भी मजबूत हुआ है.
कंपनी का कुल रेवेन्यू 12,310 करोड़ रुपये रहा. हालांकि यह अनुमानित 12,398.3 करोड़ रुपये से थोड़ा कम है फिर भी इसमें सालाना आधार पर 37 प्रतिशत की अच्छी वृद्धि दर्ज की गई है. पिछले साल इसी अवधि में कंपनी का राजस्व 8,993 करोड़ रुपये था. यह प्रदर्शन दिखाता है कि मांग में मजबूती बनी हुई है और कंपनी अपने कारोबार को लगातार विस्तार दे रही है, भले ही वह अनुमान से मामूली पीछे रही हो.
कंपनी के परिचालन स्तर पर भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है. EBITDA बढ़कर 1,754 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल 832 करोड़ रुपये था. इसी के साथ EBITDA मार्जिन 9.2 प्रतिशत से बढ़कर 14.2 प्रतिशत हो गया है. यह संकेत देता है कि कंपनी अब पहले से अधिक कुशलता के साथ काम कर रही है. बेहतर मार्जिन से यह भी साफ होता है कि लागत नियंत्रण और उत्पादकता में सुधार हुआ है.
BHEL की अन्य आय भी बढ़कर 252 करोड़ रुपये हो गई है, जो एक साल पहले 159 करोड़ रुपये थी. इस अतिरिक्त आय ने कुल मुनाफे को और मजबूती दी है. साथ ही कंपनी के बोर्ड ने FY-2026 के लिए 1.40 रुपये प्रति शेयर के आखिरी डिविडेंट की सिफारिश की है. यह प्रति शेयर 2 रुपये की फेस वैल्यू का 70 प्रतिशत है. AGM में मंजूरी मिलने के बाद 30 दिनों के भीतर इसका भुगतान किया जाएगा.
कंपनी के शेयरों ने पिछले एक साल में शानदार प्रदर्शन किया है और इसमें 70.2 प्रतिशत की तेजी आई है. इसके उलट Nifty 50 में इसी अवधि में 0.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. फिलहाल कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब 1.34 लाख करोड़ रुपये है. साथ ही इसका स्टॉक लगभग 146 के प्राइस-टू-अर्निंग्स रेशियो पर ट्रेड कर रहा है, जो इसके वैल्यूएशन को दर्शाता है.