डस्टर की दहाड़ से कांपेगा ऑटो सेगमेंट, कई दिग्गजों की बादशाहत पर मंडराया खतरा! क्या है कीमत?

रेनॉल्ट की नई डस्टर मार्च 2026 में लॉन्च के लिए तैयार है और इसकी बुकिंग 21,000 रुपये से शुरू हो चुकी है. 10 से 20 लाख रुपये की संभावित कीमत के साथ यह सीधे हुंडई क्रेटा और किआ सेल्टोस को चुनौती देगी.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: मिड साइज एसयूवी बाजार में हलचल तेज हो गई है क्योंकि रेनॉल्ट अपनी नई डस्टर को मार्च 2026 में लॉन्च करने जा रही है. लंबे इंतजार के बाद वापसी कर रही यह एसयूवी अब पहले से ज्यादा आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत अवतार में आ रही है. कंपनी ने देशभर में इसकी बुकिंग 21,000 रुपये की टोकन राशि के साथ शुरू कर दी है.डस्टर का लक्ष्य साफ है कि वह मिड साइज सेगमेंट में अपनी खोई हुई पकड़ फिर से मजबूत करे.

संभावित कीमत और मुकाबला

नई डस्टर की शुरुआती कीमत लगभग 10 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप वेरिएंट के लिए करीब 20 लाख रुपये एक्स शोरूम तक जा सकती है. अगर यह अनुमान सही रहता है तो एंट्री लेवल पर यह हुंडई क्रेटा और किआ सेल्टोस से सस्ती साबित हो सकती है. अप्रैल 2026 से डिलीवरी शुरू होने की उम्मीद है, जिससे बाजार में प्रतिस्पर्धा और तेज होगी.

इंजन और परफॉर्मेंस विकल्प

नई डस्टर दो टर्बो पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ आएगी. इसमें 1.0 लीटर इंजन 100 बीएचपी की पावर देगा जबकि 1.3 लीटर इंजन 163 बीएचपी की ताकत देगा. सभी वेरिएंट में 6 स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स स्टैंडर्ड होगा. 1.3 लीटर इंजन के साथ 6 स्पीड डीसीटी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा.

हाइब्रिड वेरिएंट की तैयारी

रेनॉल्ट ने पुष्टि की है कि दिवाली 2026 तक हाइब्रिड वेरिएंट भी लॉन्च किया जाएगा. इसमें 1.8 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी पैक मिलेगा जो मिलकर 160 बीएचपी की पावर और 172 एनएम टॉर्क देगा. यह अपने सेगमेंट की सबसे पावरफुल हाइब्रिड एसयूवी होने का दावा करती है.

फीचर्स और स्पेस

नई डस्टर में 700 लीटर तक का बूट स्पेस और 32.6 लीटर इंटीरियर स्टोरेज क्षमता दी गई है. इसमें गूगल बिल्ट इन ओपनआर लिंक मल्टीमीडिया सिस्टम, 48 रंगों की एम्बिएंट लाइटिंग और मल्टी सेंस ड्राइव मोड जैसे फीचर्स मिलेंगे. 26.9 डिग्री अप्रोच एंगल और 34.7 डिग्री डिपार्चर एंगल इसे बेहतर ऑफ रोड क्षमता भी देते हैं.

वारंटी और कस्टमाइजेशन

कंपनी रेनॉल्ट फॉरएवर प्रोग्राम के तहत 7 साल या 150000 किलोमीटर तक की वारंटी देगी. ग्राहकों को 50 से अधिक एक्सेसरी कैटेगरी में कस्टमाइजेशन का विकल्प मिलेगा. इससे खरीदार अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार एसयूवी को तैयार कर सकेंगे.