मारुती ग्रैंड विटारा के साथ ऐसा क्या हुआ? कंपनी को वापस मंगवानी पड़ी 39,500 से ज्यादा कारें
मारुति सुजुकी ने अपनी लोकप्रिय Grand Vitara एसयूवी के 39,506 यूनिट्स को रिकॉल किया है. इसके बाद ग्राहकों के बीच खलबली मच गई. लोग कई तरह के सवाल पूछ रहे हैं.
नई दिल्ली: भारत के तेजी से बढ़ते एसयूवी मार्केट में Maruti Suzuki की Grand Vitara काफी लोकप्रिय रही है. लेकिन अब कंपनी ने 39,506 यूनिट्स को रिकॉल कर दिया है. इस कदम का कारण फ्यूल गेज और वार्निंग लाइट में तकनीकी खामी बताई गई है, जो वाहन चालक को टैंक में बचे ईंधन की सही जानकारी नहीं देती. रिकॉल का उद्देश्य शुरुआती चरण में समस्या को ठीक करना और ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
ग्रैंड विटारा एसयूवी में शामिल खामी स्पीडोमीटर असेंबली के फ्यूल लेवल इंडिकेटर और वार्निंग लाइट में देखी गई. Maruti Suzuki ने प्रभावित ग्राहकों से संपर्क करने का भरोसा दिया है. कंपनी अधिकृत वर्कशॉप में फ्री रिप्लेसमेंट या मरम्मत की सुविधा देगी.
फ्यूल गेज में दिखी खामी
9 दिसंबर 2024 से 29 अप्रैल 2025 के बीच बनी Grand Vitara में फ्यूल गेज और वार्निंग लाइट सही जानकारी नहीं दिखा रही थी. इससे चालक को टैंक में बचे ईंधन की वास्तविक स्थिति पता नहीं चलती. कुल 39,506 यूनिट्स इस रिकॉल में शामिल हैं. कंपनी ने इसे “प्रिकॉशनेरी स्टेप” बताते हुए ग्राहकों से समय पर प्रतिक्रिया देने की अपील की है.
कंपनी करेगी संपर्क, फ्री रिप्लेसमेंट
Maruti Suzuki प्रभावित कारों के मालिकों से सीधे संपर्क करेगी. ग्राहक नज़दीकी वर्कशॉप पर जा कर तकनीशियन की मदद से फ्यूल गेज की जांच करवा सकते हैं. ज़रूरत पड़ने पर इसे पूरी तरह मुफ्त में बदला जाएगा. कंपनी ने बताया कि रिकॉल का उद्देश्य वाहन की सुरक्षित ड्राइविंग सुनिश्चित करना और संभावित खामियों को जल्द ठीक करना है.
बढ़ता क्वालिटी-चेक कल्चर
हाल के वर्षों में भारत में ऑटो कंपनियां सुरक्षा और क्वालिटी पर अधिक सतर्क हो रही हैं. स्वैच्छिक रिकॉल कोड के तहत संभावित तकनीकी समस्याओं को शुरुआती चरण में ठीक करना अब आम प्रैक्टिस बन गया है. Grand Vitara रिकॉल इस बढ़ते सुरक्षा और गुणवत्ता कल्चर का हिस्सा है, जो ग्राहकों के विश्वास और सुरक्षा को मजबूत करता है.
कैसी है Maruti Grand Vitara
Grand Vitara कंपनी की फ्लैगशिप कॉम्पैक्ट SUV रेंज में शामिल है. इसमें स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पावरट्रेन, ऑल-व्हील ड्राइव ऑप्शन और मॉडर्न फीचर्स मौजूद हैं. यह शहरी और फैमिली कार बायर्स के बीच लोकप्रिय है. टोयोटा के साथ मिलकर विकसित की गई इस SUV ने मारुति के प्रीमियम सेगमेंट में मजबूत पकड़ बनाई है.
कीमत और माइलेज
हाल ही में GST रिफॉर्म के बाद Grand Vitara की कीमत 10.77 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए 19.72 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक गई. पेट्रोल वेरिएंट 21.11 किमी/लीटर और CNG वेरिएंट 26.6 किमी/किग्रा का माइलेज देता है. कीमत और माइलेज इसे शहरी और लंबी दूरी की ड्राइविंग के लिए आकर्षक विकल्प बनाते हैं.