'BJP के शपथ ग्रहण समारोह में आऊंगा', पश्चिम बंगाल में आखिरी रैली संबोधित करते हुए बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए इसे राज्य का आखिरी चुनाव कार्यक्रम बताया. उन्होंने कहा कि अब वह बीजेपी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने आएंगे.

ANI
Shanu Sharma

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का पहला चरण पूरा हो चुका है. वहीं दूसरे चरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोरदार प्रचार किया. आज बैरकपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, इसे राज्य का आखिरी चुनाव कार्यक्रम बताया. उन्होंने कहा कि आज के बाद वह BJP के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राज्य में वापस आएंगे. 

प्रधानमंत्री ने हेलीपैड से जनसभा स्थल तक करीब दो किलोमीटर के रास्ते पर दोनों तरफ उमड़ी जनता की भारी भीड़ का जिक्र करते हुए कहा कि हेलीपैड से आते समय हजारों लोग इतनी सुबह मुझे आशीर्वाद देने पहुंचे थे, जिसकी मैं कल्पना भी नहीं कर सकता था. इससे मेरा उत्साह और बढ़ गया है.

विपक्षी दल पर जमकर साधा निशाना

पीएम मोदी ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि TMC के शासन में पश्चिम बंगाल में औद्योगिक गतिविधियां लगभग ठप हो गई हैं और कई कारखाने बंद हो चुके हैं. राज्य के भविष्य के लिए TMC के पास कोई स्पष्ट विकास रोडमैप नहीं है.

उन्होने कहा कि डबल इंजन सरकार की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जब साथ मिलकर काम करेंगी, तभी तेज विकास संभव होगा. उन्होंने TMC की सिंडिकेट व्यवस्था को खत्म करने की बात कही और आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी रचनात्मक शासन की बजाय डराने-धमकाने और गाली-गलौज वाली राजनीति पर निर्भर है.

महिलाओं और युवाओं से खास अपील

प्रधानमंत्री ने महिला मतदाताओं से अपील की कि वे वोट डालते समय TMC के शासन में राज्य की स्थिति पर गंभीरता से विचार करें. उन्होंने कहा कि TMC सरकार ने पश्चिम बंगाल को महिलाओं के लिए असुरक्षित बना दिया है और जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान नहीं किया.

पीएम मोदी ने TMC के पुराने वादों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने कोलकाता को लंदन की तर्ज पर विकसित करने का वादा किया था, लेकिन पिछले 15 वर्षों में शहर की पहचान नकारात्मक रूप से बदल गई है. कोलकाता के निवासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि शहर की मूल पहचान को बनाए रखने के लिए सबको मिलकर काम करना होगा. इस दौरान उन्होंने युवाओं के लिए पांच गारंटियां भी घोषित की है.